घाटशिला में गरजे अमित शाह-हेमंत सोरेन को हटाने के लिए नहीं,परिवर्तन के लिए चुनाव लड़ रही भाजपा
1 min read
घाटशिला ब्यूरो(पूर्वी सिंहभूम)।केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर जमकर हमला बोला।कहा कि हेमंत सोरेन जी मुगालते में हैं कि भाजपा उन्हें हटाने के लिए चुनाव लड़ रही है।अमित शाह ने कहा-अरे सोरेन बाबू,भाजपा आपको हटाने के लिए चुनाव नहीं लड़ रही है।भाजपा झारखंड में परिवर्तन लाने के लिए चुनाव लड़ रही है।पूर्वी सिंहभूम के घाटशिला के नरसिंहगढ़ मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि झारखंड में परिवर्तन लाकर माटी,बेटी और रोटी को बचाना है।आदिवासियों की रक्षा भाजपा ही कर सकती है।आदिवासियों की जमीन बचाने के लिए कड़ा कानून बनाएंगे।कोई उनकी जमीन नहीं छीन पाएगा,अगर किसी ने उनकी जमीन छीन ली है,तो उसे वापस दिलाएंगे।चंपाई सोरेन ने झारखंड की बदलती डेमोग्राफी और लूटपाट का विरोध किया,तो उन्हें बेइज्जत करके मंत्रिमंडल से हटा दिया।झारखंड का दर्द बीजेपी ही समझ सकती है।यहां बंद पड़ी खदानों को खुलवाएंगे।युवाओं को रोजगार दिलवाएंगे।उन्होंने भाजपा के संकल्प पत्र को भी यहां दोहराया।अमित शाह ने कहा कि पूरे झारखंड में आदिवासियों की आबादी घट रही है,क्योंकि यहां बांग्लादेशी घुसपैठिए आ रहे हैं।हेमंत सोरेन सरकार घुसपैठ को रोकना नहीं चाहते हैं।आप यहां भाजपा की सरकार बना दो,हम घुसपैठियों को झारखंड से बाहर कर देंगे।