झारखंड-बंगाल सीमा के फरीदपुर चेक पोस्ट से 4 लाख रुपए से अधिक जब्त
1 min read
रांची ब्यूरो(झारखंड)।झारखंड में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष विधानसभा चुनाव संपन्न कराने के उद्देश्य से राज्य से सटी सीमाओं पर कड़ी चौकसी बरती जा रही है।धनबल और किसी प्रकार के हथियार की सप्लाई न हो पाए,इसके लिए सीमावर्ती चेक पोस्ट्स पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।इसी क्रम में गुरुवार को झारखंड और पश्चिम बंगाल के बरहरवा स्थित फरीदपुर सीमा पर बने चेकपोस्ट से 4 लाख रुपए से अधिक बरामद किए गए हैं।वाहन जांच के दौरान यह राशि बरामद हुई।फरीदपुर चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट नुरुल इस्लाम और बरहरवा थाना के एएसआई रामप्रवेश दास वाहनों की जांच कर रहे थे।इसी बीच,पश्चिम बंगाल की ओर से आ रहे यात्री वाहन मैजिक की जांच की गई।जांच में वाहन में 4 लाख रुपए मिले।जांच कर रहे अधिकारियों ने वाहन के चालक से उससे संबंधित दस्तावेज मांगे।वह कोई भी प्रमाण देने में विफल रहा।इसके बाद मालदा जिले के हल्दीबाड़ी निवासी नूर इस्लाम के पास जो भी रुपए थे,उसे जब्त कर लिया गया।इस मामले में बरहरवा थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने बताया कि जब्त रुपए की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी जा रही है।कानून के मुताबिक,आगे की कार्रवाई की जा रही है।