गिरिडीह:पीरटांड से एसीबी ने पंचायत सचिव को रंगेहाथ रिश्वत लेते किया गिरफ्तार

ब्यूरो,रांची।धनबाद एसीबी की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरिडीह के पीरटांड में छापेमारी कर पंचायत सचिव को रंगेहाथ घूस लेते पकड़ा हैं।गिरफ्तार पंचायत सचिव का नाम सहदेव महतो है और पीरटांड प्रखंड के खरपोका में कार्यरत है।सहदेव को रिश्वत के रूप में चार हजार रुपया लेने के दौरान गिरफ्तार किया गया है।इस मामले की जानकारी भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो प्रमंडलीय कार्यालय धनबाद के एसपी ने प्रेस बयान जारी कर दी है। बताया है कि खुखरा थाना इलाके के खरपोका निवासी नबीहसन ने आवेदन देकर सूचित किया था कि खरपोका पंचायत के विराजपुर टोला में सैय्यद के घर से सलमान के घर तक पैबर ब्लॉक निर्माण का कार्य 15 वें वित्त आयोग के अंतर्गत किया गया है।यह योजना लगभग 2.40 लाख की है।इस योजना का कार्य करने के लिए अब तक 1.45 लाख रुपया का भुगतान किया गया है।शेष बची राशि की निकासी के लिए खरपोका के पंचायत सचिव सहदेव महतो 4 हजार रुपया की मांग कर रहा है।इस शिकायत के बाद मामले की जांच की गई।शिकायत सत्य मिलने के बाद 23 जनवरी को प्राथमिकी दर्ज की गई। 24 जनवरी को टीम पीरटांड़ पहुंची।यहां पेट्रोल पंप के विपरीत दिशा में अवस्थित झोपड़ीनुमा होटल में पंचायत सचिव सहदेव महतो द्वारा आवेदक से रिश्वत का चार हजार रुपया लिया गया जिसे रंगे हाथ पकड़ा गया।इधर गिरफ्तार करने के बाद पंचायत सचिव सहदेव को लेकर एसीबी की टीम धनबाद चली गई।एसीबी की इस कार्रवाई के बाद पीरटांड़ ब्लॉक में हड़कंप मच गया है।

