डबल इंजन की सरकार में न्याय के साथ कानून का राज रहेगा जारी:मंगल पांडेय


•पदभार ग्रहण करने के बाद बोले विधि मंत्री ईमानदारी से निभाएंगे नई जिम्मेदारी•
पटना ब्यूरो।बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार के बाद शुक्रवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने विधि मंत्री का भी पदभार ग्रहण किया।राजधानी पटना स्थित पुराना सचिवालय में पदभार ग्रहण करने पहुंचे स्वास्थ्य सह विधि मंत्री का स्वागत विभागीय सचिव सहित तमाम पदाधिकारियों ने किया।विधि मंत्री मंगल पांडेय ने पदभार ग्रहण करने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का आभार जताते हुए कहा कि एक महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेवारी उन्हें दी गई है।उन्होंने कहा कि ये विभाग न्याय का विभाग है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार न्याय के साथ विकास करते हैं।हम सब उनके नेतृत्व में न्याय के साथ विकास की यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं।श्री पांडेय ने कहा कि न्याय के साथ कानून का ईमानदारी से पालन करना हमारी प्राथमिकता होगी।मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में सूबे में न्याय एवं कानून का राज जारी रहेगा और सभी के साथ न्याय किया जाएगा।विभिन्न विभागों को कई कानूनी पेचीदगियों के संदर्भ में न्यायिक सुझाव लेना पड़ता है।लगातार सभी विभागों को बेहतर न्यायिक सुझाव देते हुए अच्छे कार्य करने का प्रयास किया जाएगा।विधि विभाग में संचिकाओं के त्वरित निष्पादन से कई कार्य सहज हो जाएंगे और बिहार के विकास को गति मिलेगी।विधि मंत्री ने कहा कि समेकित रुप से विभाग के कार्यों को समझने के बाद एवं जरूरी कार्यों को लेकर चर्चा करने के बाद उसे पूरा करने का भी प्रयास किया जाएगा।श्री पांडेय ने पदभार ग्रहण करने के उपरांत बिहार की प्रमुख विपक्षी दल पर भी करारा हमला बोला।उन्होंने कहा कि प्रदेश की मुख्य विपक्षी दल राजद एवं उनके मुखिया लालू यादव अक्सर कानून का मजाक बनाते रहे हैं।इन लोगों ने राज्य में कानून की धज्जियां उड़ायी और कई घोटाले किए।मगर जब से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सत्ता के शीर्ष पर आए इनकी कार्यशैली पर लगाम लगा।अब लालू यादव एवं उनका पूरा परिवार कानून के दायरे में है।वो जान लें कि कानून सबके लिए बराबर होता है।एनडीए की सरकार कानून व संविधान की रक्षा के लिए हमेशा संकल्पित है।बतौर मंत्री हमारी प्राथमिकता रहेगी कि हमेशा कानून का राज कायम रहे।