झारखंड:जदयू ने 2 पूर्व मंत्रियों को उतारा मैदान में, बीजेपी से मांगी कुछ और सीटें

रांची ब्यूरो(झारखंड)।झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए एनडीए की तरफ से जदयू ने अपने दो उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।जमशेदपुर पश्चिम से सरयू राय और तमाड़ से राजा पीटर उम्मीदवार बनाये गये हैं।यह जानकारी जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने रविवार को दी।उन्होंने कहा कि झारखंड में पार्टी का आधार हमेशा रहा है।पार्टी के दोनों चयनित उम्मीदवार पहले भी झारखंड में विधायक और मंत्री रहे हैं।क्या जदयू को इसके अलावा भी सीट मिलेगी?इस सवाल के जवाब में संजय कुमार झा ने कहा कि हमलोगों ने एनडीए के शीर्ष नेताओं से आग्रह किया है,फिलहाल दो सीट हैं और दोनों सीटों पर हमारे उम्मीदवार तय कर दिये गये हैं।कुछ अन्य सीट जदयू को मिलनी चाहिए।इसके साथ ही जदयू नेताओं ने साफ कर दिया है कि पार्टी एनडीए गठबंधन में झारखंड चुनाव लड़ेगी।उल्लेखनीय है कि पार्टी की तरफ से 11सीटों पर चुनाव लड़ने का प्रस्ताव एनडीए के शीर्ष नेताओं को दिया गया था।इसमें से फिलहाल केवल दो सीटें ही पार्टी की झोली में आयी है।