झारखंड:लातेहार से दो इनामी नक्सली कमांडर गिरफ्तार,5 और 10 लाख का है इनाम
1 min read
ब्यूरो,रांची:झारखंड के लातेहार से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।खबर है कि पुलिस ने प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी के दो इनामी जोनल कमांडरों को गिरफ्तार किया है।पकड़ें गए नक्सलियों कि पहचान संजीवन और कुंदन के रूप में हुई है।आपको बता दें कि सरकार ने संजीवन पर दस लाख और कुंदन पर पांच लाख रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था। वहीं इन दोनों के बारे में बताया जा रहा है कि पिछले साल चल रहे ऑपरेशन ऑक्टोपस के दौरान ये दोनों दुर्दांत नक्सली भाग गए थे। जी हां पुलिस सूत्रों के मुताबिक,पिछले साल झारखंड राज्य में नक्सलियों के सबसे बड़े और अभेद्य माने जाने वाले गढ़ बूढ़ा पहाड़ पर पुलिस और सुरक्षा बलों की ओर से संयुक्त रूप से चलाए गए ऑपरेशन ऑक्टोपस के दौरान ये दोनों नक्सल कमांडर अपने दर्जन भर साथियों के साथ इलाके से ही भाग खड़े हुए थे।इसके बाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये दोनों एक बार फिर नक्सली समर्थकों को एकजुट करने के लिए लातेहार जिले के विभिन्न इलाकों में सक्रिय हो रहे थे। इसी गुप्त सूचना के आधार पर इन दोनों को गुरुवार को दबोचा गया है।इनके व्यक्तिगत जीवन के बारे में अब तक यही जानकारी मिली है कि ये दोनों लातेहार जिले के मटलौंग के रहने वाले हैं।वहीं इनके खिलाफ लातेहार के अलावा पलामू और चतरा सहित कुछ अन्य जिलों में नक्सली वारदात के दर्जन भर से भी ज्यादा मामले दर्ज हैं।बता दें इनसे पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल हुई हैं।बताते चलें बीते दिनों 25 लाख के इनामी नवीन यादव के आत्मसमर्पण किए जाने के बाद से इलाके में सक्रिय कई नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं।वहीं इन दोनों की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए बड़ी कामयाबी के रूप में देखा जा रहा है।