बिहार : बीजेपी बिहार को मिला नया टास्क,एनडीए को लेकर भी स्पष्ट किया रुख
1 min read
ब्यूरो,पटना:भाजपा के दो दिवसीय संयुक्त मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक का समापन हो गया है।इसका समापन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उद्बोधन के साथ हुआ।इसके बाद बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने बताया कि भाजपा ऐसी पार्टी है,जो हर दिन किसी न किसी कार्य में जुटी रहती है।इसी कड़ी में अब संयुक्त मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के बाद भाजपा के नेताओं को नया टास्क भी दे दिया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने बताया कि,देश में आजादी का 75वां वर्षगांठ मनाया जा रहा है। इस दिन को खास बनाने के लिए देश के सभी घरों में तिरंगा लहराने की तैयारी की जा रही है।इसकी जिम्मेदारी भाजपा के सभी कार्यकर्ता को सौंपी गई है।उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को यह जिम्मेदारी भी मिली है कि वो अपने क्षेत्र में हर घर में 15अगस्त को तिरंगा लहराने के लिए प्रोत्साहित करे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि गृह मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष के द्वारा हमें जो जिम्मेदारी दी गयी है,उसे पूरा करेंगे और उसी क्षेत्र में कार्य करेंगे।इसके लिए आज से ही सभी कार्यकर्ताओं को जुट जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।इसके आगे संजय जायसवाल ने पिछले दिनों एनडीए में चल रहे बयानबाजी को लेकर कहा कि हमारे गृह मंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पहले ही सबकुछ साफ कर दिया है,इसलिए अब उस मुद्दे को लेकर कहने को कुछ नया नहीं है।भाजपा नेता का इशारा आनेवाले चुनावों में जदयू के साथ संबंधों के लेकर था।जिसमें गृहमंत्री अमित शाह ने साफ कह दिया है कि बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही एनडीए चुनाव में उतरेगी।