बिहार : पटना में बुडको के कार्यपालक अभियंता के घर में हुई छापेमारी,करोड़ों की अवैध संपत्ति का खुलासा हुआ
1 min read
ब्यूरोचीफ,पटना: बुडको के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार यादव के यहां विशेष निगरानी इकाई की छापेमारी में अकूत संपत्ति का पता चला है।मिली जानकारी के मुताबिक उक्त इंजीनियर ने रिश्वत के पैसे को छुपाने के लिए अपने साला और ससुर के नाम पर संपत्ति की खरीद की है।विशेष निगरानी इकाई द्वारा दी जानकारी के मुताबिक आरोपी कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार यादव की अब तक की कुल आय 65लाख है।जबकि उनके पास करोड़ों की संपत्ति का पता चला है,जो उनके ज्ञात स्रोतों से लगभग 5 गुणा अधिक है।रिश्वत के पैसे से धनकुबेर बने कार्यपालक अभियंता ने सिर्फ पिछले वर्ष लगभग 400 करोड़ रुपए का टेंडर पास किया था।जिससे काफी धन कमाया हैं। जानकारी के अनुसार आरोपी अभियंता के बैंक खाते में लाखों रुपए मिले हैं।छापेमारी में 35लाख रुपए के जेवरात और 2 लाख रुपए नगद मिले हैं।उक्त अभियंता ने बैंक चेक के माध्यम से 75 लाख रुपए का व्यय विभिन्न मदों में किया है।वही दूसरी ओर 9 लाख रू विभिन्न वित्तीय संस्थानों में निवेश किया है।
आरोपी अभियंता अनिल कुमार यादव अपने दोनों बेटों को इंजीनियरिंग की पढ़ाई करा रहे हैं।दोनों लड़के केआईटी इंजीनियरिंग में अंतिम वर्ष में पढ़ाई कर रहे हैं,जिस पर प्रत्येक वर्ष 8 लाख का खर्च आ रहा है। तलाशी के दौरान इनके पास से स्कॉर्पियो और होंडा सिटी कार के अलावे दो बाइक मिली है।उल्लेखनीय हैं कि विशेष निगरानी इकाई ने बुडको के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार यादव के विरूद्ध आय से 98 लाख 41366 रुपये नाजायज ढंग से अर्जित करने का मामला दर्ज किया था।जिसके उपरांत पटना के पुनाईचक स्थित आवास और राजापुर स्थित बुडको कार्यालय में छापेमारी किया गया।कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार यादव ने रियल स्टेट में भी काफी निवेश किया है।पटना के मनेर में काफी बड़ा भूखंड उनके नाम पर हैं,जिसको लाखों रुपए में खरीदा गया है।दानापुर में 2 कट्ठे का आवासीय भूखंड का मालिकाना हक इनके नाम पर है,जो करोड़ों का है। अनिसाबाद में एक सोसाइटी में प्लॉट लिया है,जिसकी कीमत भी करोड़ों में आंकी जाती है।मधेपुरा में भी इनके जमीन के कागजात मिले हैं। पटना के पुनाइचक में फ्लैट है।इन्होंने फुलवारी शरीफ स्थित राधिका अपार्टमेंट में भी फ्लैट बुक किया है।