झारखंड : कुलपति ने विश्वविद्यालय के टीआरएल विभाग का निरीक्षण किया


ब्यूरो,रांची:डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय,रांची के कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर तपन कुमार शांडिल्य ने आज विश्वविद्यालय के टीआरएल विभाग का निरीक्षण किया। इस क्रम में उन्होंने विभाग की व्यापकता और विद्यार्थियों की संख्या को ध्यान में रखते हुए इसकी आधारभूत संरचना के नवीकरण की बात कही।इसके पश्चात उन्होंने वहां का शिक्षकों संवाद कर विभागीय वस्तुस्थिति से अवगत हुए। इसी क्रम में विभाग के प्राध्यापक डॉ विनोद कुमार ने कुलपति को खोरठा में लिखित अपनी पुस्तक,खोरठा लोकगीतों का सांस्कृतिक अध्ययन भेंट किया।कुलपति ने मौके पर संक्षिप्त तौर पर उसे देखकर कहा कि पुस्तक के शीर्षक से ही स्पष्ट है कि इसमें हमें झारखंड के विरासत के साथ साथ यहां की सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक पृष्ठभूमि को समझने में आसानी होगी।इसे विशेष तौर पर खोरठा विषय के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताते हुए उन्होंने कहा कि विशेष तौर पर झारखंड से संबंधित कोई भी संग्रह जानकारी और रोचकता की दृष्टि से हमेशा पठनीय और संग्रहनीय है।इस अवसर पर उन्होंने शिक्षकों से विभागीय संग्रहालय के खोलने की दिशा में पहल करने का आग्रह किया ताकि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी इससे लाभान्वित हो सके। कुलपति प्रोफेसर डॉक्टर तपन कुमार शांडिल्य ने कहा कि विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में स्वयं जाकर शिक्षकों से सीधे संवाद स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है,ताकि विभागवार वस्तुस्थिति से अवगत होकर शैक्षिक और अकादमिक वातावरण का विकास किया जा सके।इस आशय की जानकारी डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय के जन संपर्क अधिकारी प्रोफेसर डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।