मन की बात के ऐतिहासिक 100वें एपिसोड के प्रसारण पर राजभवन में आज विशेष कार्यक्रम का आयोजन


●राज्यपाल होंगे मुख्य अतिथि●राज्य के पद्मश्री विजेता और विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां इसमें शामिल होगें●
रांची(झारखंड)।तीन अक्तूबर 2014,विजयदशमी के दिन शुरू हुआ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ अपने सफर पर 100वे कड़ी तक पहुंच गया है।जिसका प्रसारण आज 30 अप्रैल 2023 को 11 बजे से आकाशवाणी से किया जाएगा।इसे स्मरणीय बनाने के लिए रांची स्थित सूचना प्रसारण मंत्रालय के विभागों आकाशवाणी,दूरदर्शन,पत्र सूचना कार्यालय और केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा राजभवन में मन की बात के इस एपिसोड के स्क्रीनिंग का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया है।झारखंड के माननीय राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन जी मुख्य अतिथि के रूप में इसमें आज शामिल होंगे।राज्य भर से विभिन्न क्षेत्रों की 100 प्रमुख हस्तियों भी राज्यपाल के साथ मन की बात के इस 100वे एपिसोड के विशेष प्रसारण को सुनने के लिए राजभवन में आमंत्रित की गईं हैं। विशिष्ठ अतिथियों में झारखंड के पद्मश्री से सम्मानित लोग, खेल जगत,सामाजिक सेवा, शिक्षा,स्वास्थ्य एवं आदिवासी मामलों के जानकार शामिल हैं।इसके साथ ही झारखंड के जिन लोगों का,उनके सामाजिक योगदान के लिए, पीएम द्वारा मन की बात के विभिन्न प्रसारणों में जिक्र किया गया है,वो भी इस कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान से कल सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा, जिसके बाद माननीय राज्यपाल का संबोधन होगा। आए हुए विशिष्ट अतिथियों के साथ फिर राज्यपाल महोदय मुलाकात करेंगे। इस अवसर पर केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा राजभवन में मन की बात पर आधारित एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जा रही है,जिसका उद्घाटन माननीय राज्यपाल के कर कमलों से किया जाएगा।
भारत सरकार द्वारा पूरे देश में 100वे एपिसोड के इस ऐतिहासिक प्रसारण को यादगार बनाने के लिए देश के सभी राज्यों के राजभवन में इस तरह के कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
मन की बात अपनी विषयवस्तु,बातचीत और समाज के साथ संवाद करने के अनूठे तरीके में अद्वितीय रहा है।इन आठ वर्षों के दौरान 99 कड़ियों में महत्वपूर्ण मुद्दों के बारे में जनता में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया गया है और उन्हें सामाजिक एवं राष्ट्रीय हितों के प्रति जागरूक भी किया जाता रहा है।