बिहार : विधानमंडल में लहराया तिरंगा,विधानसभा अध्यक्ष ने अपने इस्तीफे को लेकर तोड़ी चुप्पी


ब्यूरो,पटना:बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया। इस दौरान उन्होंने कहा कि 20महीने के कार्यकाल में हमने विधायको के सम्मान और उनके हक के लिए काम किया है।इसके बावजूद मुझपर विरोधी को सहयोग करने का आरोप लगा दिया गया।बिहार में सत्ता परिवर्तन होने के बाद भी हम बिना डर के काम करते रहे हैं।इसके अलावा उन्होंने अपने संबोधन में 20महीने के पूरे कार्यकाल को समझाया।
जानकारी हो कि,विजय कुमार सिन्हा भाजपा के विधायक हैं,साथ ही बिहार विधानसभा के अध्यक्ष भी हैं। लेकिन अब बिहार में सत्ता परिवर्तन होने के बाद उनको अपने पद से इस्तीफा देना पड़ेगा।हालांकि,उन्होंने इतना जरूर कहा कि मैंने पूरी निष्ठा के साथ अपना काम किया है,लेकिन आरोप लगाने वाले को कोई रोक नहीं सकता।उन्होंने कहा कि जहां तक पद से हटाए जाने की बात है,तो जबतक इस पद पर हूं,तब तक कुछ बात नहीं करेंगे, संविधानिक पद से मुक्ति मिलने के बाद इस पर खुलकर बात करेंगे।साथ ही उन्होंने कहा कि आज देश अपनी आजादी का 75वां साल मना रहा है।इस मौके पर उन्होंने स्वामी विवेकानंद की कही बातों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कहा था कि 21वीं सदी भारत की होगी।सही मायने में हमने 75 साल में बता दिया कि भारत आज दुनिया के अग्रणी देशों में शामिल है।अब जब देश अपनी आजादी का शताब्दी वर्ष मनाएगा तो विश्व गुरू के रूप में अपनी पहचान बना चुका होगा।