उद्योंगों की स्थापना में भी बिहार पुलिस की भूमिका अहम,मजबूत कानून व्यवस्था से निवेश-सम्राट चौधरी
1 min read

अपराध मुक्त बिहार के लिए अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे पुलिस कानून व्यवस्था के साथ विकास कार्यों में पुलिस की भूमिका पर बल गणतंत्र दिवस पर स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन,सेना,पुलिस को दी बधाई
पटना/बिहार।उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार पुलिस अपराधियों के खिलाफ और अधिक सख्ती से कार्रवाई करे। सुशासन को मजबूती से स्थापित करे और न्याय दिलाने की प्रक्रिया को त्वरित गति से आगे बढ़ाए। उन्होंने कहा कि बिहार पुलिस को कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने के साथ-साथ राज्य के विकास में भी अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। बिजली,सड़क और पानी को गांव-गांव तक पहुंचाने का काम सरकार ने किया है
और अब उद्योगों का जाल बिछाया जा रहा है इसमें पुलिस की भूमिका अहम है।श्री चौधरी गणतंत्र दिवस के मौके पर बिहार पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन परिसर झंडोत्तोलन के बाद कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। पुलिसकर्मियों को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों का जाल बिछाने में पुलिस की भूमिका निर्णायक है। क्योंकि कानून व्यवस्था जितनी मजबूत होगी,उतना ही अधिक उद्योगपति बिहार में निवेश करना पसंद करेंगे।उन्होंने कहा कि बिहार के तेज विकास के लिए राजस्व बढ़ाना जरूरी है और राजस्व तभी बढ़ेगा जब राज्य में उद्योगों का विस्तार होगा। सम्राट चौधरी ने कहा-न्याय के साथ सुशासन और न्याय के साथ विकास की नीति मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लगातार आगे बढ़ रही है। इसे और मजबूत करने की जरूरत है।उन्होंने कहा कि हमें स्वतंत्रता सेनानियों के कठिन संघर्ष के कारण आजादी मिली और आज हम 77वां गणतंत्र दिवस मना रहे हैं। श्री चौधरी ने कहा कि आज भारत आगे बढ़ रहा है,बिहार आगे बढ़ रहा है और देश के निर्माण में हर वर्ग की भूमिका है। इसमें पुलिस सेवा और भारतीय सेना का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है।भारतीय सेना पूरी दुनिया में भारत को एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित करने का काम कर रही है,वहीं बिहार पुलिस अपराध नियंत्रण और सुशासन को और मजबूती से स्थापित करने के लिए लगातार काम कर रही है।उन्होंने भारतीय सेना और बिहार पुलिस को गणतंत्र दिवस की बधाई दी।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चौदह करोड़ बिहारवासियों को न्याय के साथ सुशासन,न्याय के साथ विकास और जनता को आत्मनिर्भर बनाने की पूरी योजना आदरणीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही है। वर्ष 2005 से 2025 तक एनडीए सरकार ने न्याय के साथ विकास की कल्पना को जमीन पर उतारने का काम किया है। अब इस सोच को और आगे बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि स्वतंत्रता सेनानियों द्वारा देखे गए भारत के स्वर्णिम काल के सपने को साकार किया जा सके। उपमुख्यमंत्री ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर पटना जिले के संपतचक प्रखंड अंतर्गत चिपुरा पंचायत के चैनपुर महादलित टोले में वयोवृद्ध श्री योगेंद्र रविदास द्वारा किए गए ध्वजारोहण को सलामी दी। लोगों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने जिस भारत की कल्पना की थी, उसे स्वर देने वाली धरती बिहार है।अब हम सभी को मिलकर महात्मा गांधी के सपनों का भारत और बिहार बनाना है और देश के स्वर्णिम काल को लौटाना है।

