सिमरिया से अशोक धाम तक ‘अमृत लकी महोत्सव यात्रा’ में शामिल हुए उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा,विपक्ष पर साधा निशाना

पटना(बिहार ब्यूरो)बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने शनिवार को बेगूसराय के सिमरिया धाम में गंगा स्नान किया और ‘अमृत लकी महोत्सव यात्रा’ का शुभारंभ किया।इस यात्रा में वे गंगा जल लेकर सिमरिया से अशोक धाम तक गए।यह यात्रा आनंद चतुर्दशी के पावन अवसर पर आयोजित की गई थी।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि आनंद चतुर्दशी का दिन धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से बहुत महत्वपूर्ण है, क्योंकि पुराणों के अनुसार इसी दिन समुद्र मंथन हुआ था और मां लक्ष्मी का प्राकट्य हुआ था।उन्होंने कहा कि सिमरिया धाम प्राचीन काल से ही धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है,जहां कभी कुंभ मेले का आयोजन होता था।उन्होंने कहा कि विदेशी आक्रमणों के कारण सनातन संस्कृति को काफी नुकसान हुआ, लेकिन अब यह संस्कृति फिर से जाग रही है।इस यात्रा के दौरान,अशोक धाम में महा रुद्राभिषेक, महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।इन कार्यक्रमों में प्रसिद्ध कलाकार मनोज तिवारी ने भी अपनी प्रस्तुति दी।सिन्हा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य मिथिला,मगध और अंग की सांस्कृतिक विरासत को एक साथ लाना और नई पीढ़ी को अपनी सनातन संस्कृति से जोड़ना है।उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने इस दौरान विपक्ष पर जमकर हमला बोला।उन्होंने केरल में बिहारियों पर की गई टिप्पणी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माता को गाली देने को विपक्ष की नकारात्मक सोच का परिणाम बताया।उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में हम सभी का सम्मान करते हैं और ऐसी आसुरी प्रवृत्तियों का अंत होना निश्चित है।उन्होंने लालू प्रसाद यादव के बयान “विक्ट्री बिहार में और फैक्ट्री गुजरात में नहीं चलेगा” पर भी पलटवार किया।सिन्हा ने कहा कि जो लोग बिहारियों को पलायन के लिए मजबूर करते थे,वे अब अंतिम कगार पर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू यादव अपने पुत्र मोह में बिहार में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अब बिहारी ऐसा होने नहीं देंगे।अंत में,उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार समृद्धि की ओर बढ़ रहा है और विकसित बिहार का संकल्प पूरा किया जाएगा।