जापान में महाविनाशकारी तूफान ‘नानमाडोल’ की आहट,40 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया


टोक्यो,18 सितंबर(एजेंसी)। जापान में 270 किमी.की रफ्तार से बढ़ रहे ‘नानमाडोल’ तूफान आज समुद्री तट से टकराने की संभावना है।मौसम विभाग ने इस तूफान को बेहद खतरनाक बताया है जिसके चलते 40 लाख लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया है।तूफान के कारण क्यूशू के दक्षिणी कागोशिमा प्रांत में तेज बारिश हो रही है।जापान के मौसम एजेंसी के मुताबिक तूफ़ान की वजह से कई जगहों पर भूस्खलन और बाढ़ आने की आशंका है। इस दौरान देश के कई हिस्सों में तेज हवा और भारी बारिश होने के साथ ही भारी नुकसान संभव है।जापान में आने वाला यह इस साल का 14वां तूफान है। ‘नानमाडोल’ तूफान शनिवार को जापान के सूदूर द्वीप मिनामी दैतो से टकराया।ये आईलैंड ओकिनावा द्वीप से करीब 400 किमी की दूरी पर है।इसके बाद तूफान 270 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।कागोशिमा प्रशासन ने बताया कि खतरे को देखते हुए करीब 25 हजार घरों में बिजली की सप्लाई रोक दी गई है।कई ट्रेनों समेत करीब 510 विमानों का संचालन रद्द कर दिया गया है।स्थानीय परिवहन के सभी साधनों को भी फिलहाल रोक दिया गया है स्थानीय प्रशासन की तरफ से तूफान को बहुत खतरनाक बताते हुए लोगों से सुरक्षित जगहों पर जाने की अपील की जा रही है।एक अधिकारी ने कहा कि तेज हवाओं से कई घर तबाह हो सकते हैं। इस तूफान के आने की आहट से राहत और सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।जापान के मौसम विभाग के प्रमुख रयुता कुरोरा का कहना है कि तूफान की वजह से समुद्र में ऊंची लहरों के उठने और रिकार्ड बारिश की आशंका बनी हुई है।इसके बाढ़ आने का खतरा बढ़ सकता है। उन्होंने सभी लोगों से अधिक सुरक्षा सुनिश्चित करने और तूफान की चपेट में आने वाले संभावित क्षेत्रों को तुरंत खाली करने की बात भी कही।उन्होंने साफ कहा कि यह बेहद खतरनाक तूफान है,इसीलिए कोगोशिमा क्षेत्र में सर्वाधिक सतर्कता बरतने को कहा गया है।